Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 29-Sep-2026

नमो सेवा गाथा के तहत नुक्कड़ नाटकों से दिया जनजागरूकता का संदेश

00 सेवा, स्वच्छता, नशामुक्ति, पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक
रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘नमो सेवा गाथा’ पहल के तहत शिक्षा एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से जीपीएम जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की सेवा यात्रा एवं जनकल्याणकारी प्रयासों के साथ-साथ सेवा, स्वच्छता, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण जैसे सामाजिक सरोकारों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया।

सेवा, स्वच्छता, नशामुक्ति, पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक
अभियान के तहत जनपद पंचायत पेंड्रा के ग्राम टंगियामार, जनपद पंचायत मरवाही के ग्राम उसाड़, बेलझरिया, चचेड़ी एवं मड़वाही तथा गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत बस्ती में नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। कलाकारों ने सरल संवाद, प्रभावी अभिनय और रोचक प्रस्तुतियों के माध्यम से सेवा एवं सामाजिक दायित्व का संदेश ग्रामीणों तक पहुंचाया।
नुक्कड़ नाटकों में विशेष रूप से नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को मनोरंजक एवं सहज तरीके से प्रस्तुत किया गया। ग्रामीणों को नशे से दूर रहने, घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखने, पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा जल की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।