Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 14-Oct-2026

नौकरी की तलाश के बजाय शुरू किया फर्नीचर उद्योग

लक्ष्मीनारायण बने आत्मनिर्भरता की मिसाल

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से मिला संबल

रायपुर,  नौकरी की तलाश करने के बजाय खुद का कारोबार शुरू करने का संकल्प सक्ती जिले के ग्राम सकरेलीकला निवासी 29 वर्षीय लक्ष्मीनारायण साहू के लिए सफलता की राह बन गया। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम का लाभ लेकर उन्होंने फर्नीचर निर्माण उद्योग स्थापित किया और आज अपने उद्यम के माध्यम से परिवार को आर्थिक संबल दे रहे हैं। उनकी यह पहल क्षेत्र के युवाओं के लिए स्वरोजगार की प्रेरणा बन रही है। स्नातक तक शिक्षा प्राप्त लक्ष्मीनारायण, श्री रूपलाल साहू के पुत्र हैं और अन्य पिछड़ा वर्ग से आते हैं। स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए उन्हें आर्थिक संसाधनों की जरूरत थी। ऐसे में उद्योग विभाग के माध्यम से संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम ने उनके सपने को साकार करने में मदद की। योजना के तहत उनके व्यवसाय के लिए 9 लाख 50 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। इसके साथ शासन से 3 लाख 50 हजार रुपये का अनुदान भी मिला। इस वित्तीय सहायता से वे अपना फर्नीचर निर्माण उद्योग स्थापित कर सके। लक्ष्मीनारायण ने मेहनत, लगन और गुणवत्ता पर ध्यान देकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाया। उनका प्रयास इस बात का सबूत है कि उचित मार्गदर्शन और वित्तीय सहायता से युवा नौकरी खोजने वाले ही नहीं, बल्कि स्वयं रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी भी बन सकते हैं। उद्यमी बनने के लिए मिली मदद के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया है।