Posted By:- DabangSwar Desk
Posted On:- 13-Nov-2026

पटवारियों पर कार्रवाई के विरोध में आज जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करेगा तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ

रायपुर, 13 नवंबर   छत्तीसगढ़ में आंदोलनरत पटवारियों के खिलाफ की जा रही दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ शुक्रवार को सभी जिला मुख्यालयों में भोजन अवकाश के दौरान प्रदर्शन करेगा। इस दौरान कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर पटवारियों पर की गई कार्रवाई वापस लेने की मांग की जाएगी।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन शर्मा ने बताया कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में कर्मचारी भोजन अवकाश के दौरान प्रदर्शन करेंगे। राजधानी रायपुर में दोपहर डेढ़ बजे कलेक्टर परिसर में प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

पेंशनर्स एसोसिएशन रायपुर जिले के संयोजक विजय कुमार झा ने कहा कि पटवारियों के खिलाफ की जा रही दमनात्मक कार्रवाई से शासकीय कामकाज प्रभावित हो रहा है। इसका असर 15 नवंबर से शुरू होने वाले धान खरीद कार्य पर भी पड़ सकता है। इसके अलावा किसानों और विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

कर्मचारी नेताओं ने मुख्यमंत्री एवं राजस्व मंत्री से मांग की है कि पटवारियों के खिलाफ की गई दमनात्मक कार्रवाई तत्काल वापस ली जाए और चर्चा के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ पटवारियों के समर्थन में प्रदेशव्यापी हड़ताल में शामिल होगा।