अम्बिकापुर (वीएनएस)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए धान खरीदी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया जा रहा है। डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से अब किसानों को धान बिक्री के लिए टोकन प्राप्त करने हेतु समितियों के चक्कर लगाने और लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं है।
तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से किसान घर बैठे ही अपनी उपज बेचने के लिए ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर रहे हैं। इसी डिजिटल सुविधा का लाभ उठाते हुए सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत मानिकप्रकाशपुर निवासी किसान धनसुख तिर्की ने 23 क्विंटल धान बिक्री के लिए ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया है। वे आगामी 15 नवंबर को खैरबार धान उपार्जन केंद्र में अपनी उपज बेचेंगे।
डिजिटल सुविधा से मिली सहूलियत, घर बैठे प्राप्त किया धान बिक्री का टोकन
किसान धनसुख तिर्की ने बताया कि इस वर्ष उनके खेतों में धान की अच्छी पैदावार हुई है। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी वे 23 क्विंटल धान बेचेंगे। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए टोकन प्राप्त करने की दो व्यवस्थाएं की गई हैं। किसान ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकते हैं अथवा समिति में पहुंचकर भी टोकन कटवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मोबाइल ऐप के माध्यम से उन्होंने आसानी से 23 क्विंटल धान बिक्री का टोकन प्राप्त कर लिया है। अब वे निर्धारित तिथि पर सीधे उपार्जन केंद्र पहुंचकर अपना धान बेच सकेंगे। इस डिजिटल व्यवस्था से किसानों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलने के साथ समय और श्रम की भी बचत हो रही है।
खैरबार समिति से जुड़े 15 ग्राम पंचायतों के 644 किसान, खरीदी की तैयारियां पूरी
खैरबार धान उपार्जन केंद्र से मानिकप्रकाशपुर, कान्ति प्रकाशपुर, श्रीगढ़, नवागढ़, बधियाचुआं, खैरबार, मलगवांखुर्द, रामनगर, रनपुर खुर्द, सोनपुर, असोला, मायापुर, पंच फेड़ी, मणिपुर और लक्ष्मीपुर सहित कुल 15 ग्राम पंचायतों के किसान जुड़े हुए हैं। समिति में कुल 644 किसान पंजीकृत हैं, जो निर्धारित तिथि पर अपनी उपज का विक्रय कर सकेंगे। किसान तिर्की ने बताया कि खैरबार समिति में धान खरीदी को लेकर आवश्यक तैयारियां की गई हैं। किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही पेयजल और बैठने के लिए छायादार शेड की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया है।
धान बिक्री की राशि से खेती-किसानी को मिला संबल, परिवार की जरूरतें भी हुईं पूरी
अपने अनुभव साझा करते हुए तिर्की ने बताया कि पिछले वर्ष उन्होंने 23 क्विंटल धान बेचा था, जिसके लिए उन्हें 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से राशि प्राप्त हुई थी। धान बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग उन्होंने खेती-किसानी के कार्यों और परिवार की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में किया। उन्होंने कहा कि धान का अच्छा मूल्य मिलने से किसानों को आर्थिक संबल मिलता है और वे अगली फसल की तैयारी भी बेहतर ढंग से कर पाते हैं।
डिजिटल सुविधा और किसानों के हित में लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार
धनसुख तिर्की ने धान खरीदी की प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से सरल बनाने, किसानों को उनकी उपज का अच्छा मूल्य दिलाने और उपार्जन केंद्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ शासन एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों से खेती-किसानी को प्रोत्साहन मिल रहा है। ऑनलाइन टोकन की सुविधा से धान बेचने की प्रक्रिया आसान हुई है और किसानों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिल रही है।
उल्लेखनीय है कि जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले के 61 उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होगी। जिले में कुल 62 हजार 471 किसान पंजीकृत हैं, जिनका कुल पंजीकृत रकबा 67 हजार 929.40 हेक्टेयर है। किसानों की सुविधा के लिए उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ डिजिटल टोकन प्रणाली की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।