रायपुर(वीएनएस)। कवर्धा जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम बासिनझोरी से केजेदाह तक 3 करोड़ 92 लाख रुपए की लागत से 2.7 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इससे क्षेत्र के 1500 से अधिक ग्रामीणों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी। लंबे समय से सड़क की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों के लिए यह निर्माण राहत लेकर आया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सरकार द्वारा ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने और गांवों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं उप मुख्यमंत्री व कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से कबीरधाम जिले के वनांचल सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है। सड़कों का निर्माण केवल आवागमन का साधन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीणों के जीवन में सुविधा, विकास और नई संभावनाओं के द्वार खोलने का माध्यम भी बन रहा है।