नगरी। धमतरी जिले के नगरी नगर के वार्ड क्रमांक 01 में एक चर्च की तरह बना हुआ घर के भीतर आयोजित हो रही चंगाई प्रार्थना सभा रविवार को विवाद का कारण बन गई।
प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण कराए जाने का आरोप लगाते हुए हिंदू जागरण मंच सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता घर के बाहर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घर के भीतर चल रही प्रार्थना सभा के माध्यम से धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
इसी मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर कार्यकर्ता मौके पर जुटे और विरोध जताते हुए अपनी मांग पर अड़े रहे। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं की भीड़ एकत्रित हो गई।
मामले की सूचना मिलते ही नगरी थाना पुलिस और एसडीओपी मौके पर पहुंचे।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
फिलहाल मौके पर पुलिस की मौजूदगी में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
धर्मांतरण के आरोपों को लेकर प्रदर्शनकारियों ने संबंधित मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की है।