धमतरी। ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए धमतरी पुलिस के एक आरक्षक ने ऑटो में छूटे महिला के बैग और उसमें रखे मोबाइल सहित कीमती सामान को सुरक्षित वापस लौटाया। आरक्षक की इस पहल से पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक यात्री का बैग ऑटो में छूट गया था। बैग में मोबाइल सहित अन्य जरूरी और कीमती सामान रखा हुआ था। इस दौरान थाना सिटी कोतवाली धमतरी में पदस्थ आरक्षक किशोर गायकवाड़ को बैग मिला। उन्होंने जिम्मेदारी और ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग को सुरक्षित रखा और उसके वास्तविक मालिक की तलाश शुरू की।
लगातार प्रयासों के बाद बैग की मालकिन की पहचान कांकेर जिले के चारामा निवासी हिना यादव के रूप में हुई। इसके बाद उन्हें थाना सिटी कोतवाली धमतरी बुलाकर उनका पूरा सामान सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया।
खोया हुआ सामान वापस मिलने पर हिना यादव भावुक हो गईं और उन्होंने आरक्षक किशोर गायकवाड़ सहित धमतरी पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के साथ-साथ आम नागरिकों की सहायता एवं जनसेवा के लिए भी कार्य कर रही है। आरक्षक किशोर गायकवाड़ की इस पहल ने पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता और ईमानदारी का संदेश दिया है।