Posted By:- DabangSwar Desk
Posted On:- 25-Nov-2026

सीएम हेल्पलाइन 1076 से दूर हुई परेशानी, अपडेट हुआ मां का आधार पता

अम्बिकापुर (वीएनएस)। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और उन्हें अनावश्यक भागदौड़ से राहत दिलाने के उद्देश्य से संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 जरूरतमंद लोगों के लिए मददगार साबित हो रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में इस पहल के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले नागरिक भी अपनी समस्याएं सीधे शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर उनका समाधान प्राप्त कर रहे हैं।

अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत सुखरी के रहने वाले उत्तेश ताम्रकार उत्तेश ताम्रकार ने बताया कि उनकी माता हेमंती ताम्रकार के आधार कार्ड में पता अपडेट कराने में काफी परेशानी हो रही थी। इसके लिए उन्होंने कई चॉइस सेंटरों में जाकर प्रयास किया। स्वयं भी ऑनलाइन माध्यम से पता अपडेट कराने की कोशिश की, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया। इसके चलते उन्हें बार-बार चॉइस सेंटरों के चक्कर लगाने पड़ रहे थे और काफी समय भी व्यर्थ हो रहा था।

लगातार प्रयासों के बाद भी समस्या का निराकरण नहीं होने पर उत्तेश ताम्रकार ने सीएम हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1076 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित स्तर से उन्हें अम्बिकापुर बुलाया गया, जहां उनकी माता के आधार कार्ड में पता अपडेट करने की प्रक्रिया तत्काल पूरी कर दी गई। उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद महज एक से दो दिनों के भीतर उनकी समस्या का समाधान हो गया।

उत्तेश ताम्रकार ने सीएम हेल्पलाइन की उपयोगिता बताते हुए कहा कि कई ऐसे काम होते हैं, जो सामान्य प्रयासों से नहीं हो पाते और उनके लिए लोगों को काफी दौड़-भाग करनी पड़ती है। ऐसी परिस्थितियों में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम नागरिकों के लिए बड़ी मदद साबित हो रही है। इसके माध्यम से अपनी समस्या दर्ज कराने पर समाधान की दिशा में त्वरित पहल होती है और लोगों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलती है।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह पहल काफी लाभकारी है। कई बार जानकारी के अभाव अथवा कार्यालयों के चक्कर लगाने के कारण ग्रामीण अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए परेशान होते हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 उनके लिए एक प्रभावी माध्यम बनकर सामने आई है।

उत्तेश ताम्रकार ने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का समाधान करने की यह अच्छी पहल है। उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस व्यवस्था से उनके जैसे ग्रामीण परिवारों को काफी मदद मिल रही है और शासन की जनकल्याणकारी पहल का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंच रहा है।