Posted By:- Purushottam Rathore
Posted On:- 15-Sep-2022

*पुनीत सागर अभियान के तहत एनसीसी कैडेट्स ने की भीमा की सफाई* ➖➖➖➖➖➖ जांजगीर- पुनीत सागर अभियान के तहत 7वीं एनसीसी बटालियन बिलासपुर के अंतर्गत शाउमावि क्र 1 जांजगीर के लगभग 20 कैडेट्स ने बुधवार को भीमा तालाब और आसपास सफाई अभियान चलाया। कैडेट द्वारा प्लास्टिक कचरा को एकत्र कर कचरा निस्तारण करने वाली संस्थाओं को दिया गया। तालाब के तट पर अनावश्यक उगी हुई घास को भी निकाला व साफ- सफाई की, साथ ही भीमा तालाब में भ्रमण के लिए आये हुए व्यक्तियों को तालाब में कुछ भी न फेंकने की और सफाई रखने के लिए जागरूक किया। कमांडिंग आफिसर कर्नल एस के गुप्ता और एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल संजीब राय के नेतृत्व में यह अभियान चलाया। अभियान के संयोजक सेकंड ऑफिसर दिनेश चतुर्वेदी ने बताया वर्तमान समय में जलस्रोतों में प्लास्टिक आदि गंदगी से जल प्रदूषण बढ़ गया है।जल से ही कल है। ऐसे में समय रहते हम सबको जल की महत्ता समझनी होगी। 7 सीजी बटालियन के निर्देश पर हमारे कैडेटों द्वारा भीमा की सफाई की गई। आगे आसपास के तालाबों की भी सफाई कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। कैडेट्स के कार्य को देख आसपास के लोगों एवं नगरपालिका के कर्मचारियों ने उनकी सराहना की। नगरपालिका के कर्मचारियों द्वारा रिफ्रेशमेंट भी दिया गया।