Posted By:- Lukesh Dewangan
Posted On:- 17-Jun-2026

प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली संग्राम नरेटी की जिंदगी

कच्चे मकान से पक्के घर तक का सफर बना सम्मान और सुरक्षा का आधार

रायपुर,  प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) जरूरतमंद परिवारों के लिए आश्रय, सुरक्षा और सम्मान का आधार बन रही है। इस योजना के माध्यम से अनेक परिवारों के पक्के घर का सपना साकार हो रहा है।  कोंडागांव जिले के नगर पंचायत फरसगांव के वार्ड क्रमांक 10 निवासी श्री संग्राम नरेटी भी ऐसे ही हितग्राहियों में शामिल हैं, जिनके जीवन में इस योजना ने सकारात्मक बदलाव लाया है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले श्री संग्राम नरेटी का जीवन लंबे समय तक अभावों और कठिनाइयों के बीच गुजरा। परिवार की जिम्मेदारियों और सीमित आय के कारण उनके लिए पक्का मकान बनवाना संभव नहीं था। वे अपने परिवार के साथ एक जर्जर कच्चे मकान में रहते थे, जहां बारिश के मौसम में छत से पानी टपकता था

    इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की जानकारी मिली। उन्होंने नगर पंचायत फरसगांव में आवेदन किया, जिसके बाद पात्रता के आधार पर उनका चयन किया गया। योजना के अंतर्गत उन्हें किस्तों में आवास निर्माण हेतु आर्थिक सहायता प्रदान की गई। शासन से प्राप्त सहयोग और अपने परिश्रम से उन्होंने एक सुरक्षित, मजबूत और पक्का घर निर्मित किया। आज श्री संग्राम नरेटी अपने परिवार के साथ नए आवास में सुरक्षित और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर रहे हैं। पक्के मकान के निर्माण से उनके जीवन की कई समस्याओं का समाधान हुआ है। अब उन्हें बारिश, आंधी या अन्य प्राकृतिक परिस्थितियों से डरने की आवश्यकता नहीं पड़ती। परिवार को सुरक्षित वातावरण मिलने से जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार आया है।