जांजगीर-चांपा जिले के 1.20 लाख से अधिक किसानों के खातों में पहुंचे 24.15 करोड़ रुपये
रायपुर, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर (हुगली) से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त जारी करते हुए किसानों के बैंक खातों में राशि का प्रत्यक्ष अंतरण किया। इस अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले के कृषि विज्ञान केंद्र में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योजना के अंतर्गत जिले के 1,20,719 किसानों के डीबीटी बैंक खातों में कुल 24.15 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। प्रधानमंत्री द्वारा देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों को 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके खातों में जारी की गई। कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में किसानों ने प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा। कार्यक्रम में कृषि विभाग के उप संचालक श्री राकेश कुमार शर्मा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की जानकारी देते हुए किसानों को खरीफ मौसम में धान के साथ-साथ दलहन एवं तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने किसानों को मृदा परीक्षण कराकर वैज्ञानिक खेती अपनाने की सलाह भी दी। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. के. डी. महंत ने प्राकृतिक खेती के महत्व एवं उसके लाभों की जानकारी देते हुए जीवामृत और बीजामृत तैयार करने की विधि तथा उनके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। जिले के सभी विकासखंडों में भी कृषकों एवं जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इसके साथ ही ग्राम स्तर पर भी किसानों को लाइव प्रसारण के माध्यम से कार्यक्रम से जोड़ा गया।