रायपुर। रायगढ़ शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और बेहतर नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने सोमवार को शहर में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा प्रत्येक परियोजना में नागरिकों की सुविधाओं और भविष्य की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड, बोइरदादर स्टेडियम में स्विमिंग पूल एवं एथलेटिक ट्रैक, प्रगतिनगर मरीन ड्राइव, फटहामुड़ा एवं मिट्ठूमुड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण तथा किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता और पूर्णता की समय-सीमा की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण आवश्यक है, ताकि जमीनी स्तर पर प्रगति का आकलन करने के साथ नागरिकों के सुझावों के अनुरूप आवश्यक सुधार भी किए जा सकें।
कैनाल लिंक रोड से मजबूत होगी शहर की कनेक्टिविटी, यातायात को मिलेगी राहत
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। यह महत्वपूर्ण सड़क केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड को न्यू एवं ओल्ड मरीन ड्राइव रोड से जोड़ेगी। इसके निर्माण से शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होगा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़े सीमांकन सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने तथा सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्यों में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।